राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री जयंती जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जगह-जगह सफाई अभियान चला। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
इस दौरान बापू के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत, नाटक व कविताएं प्रस्तुत कीं।
कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी कुमार रविकांत सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अमरपाल सिंह, एडीएम प्रशासन शिवशंकर गुप्ता ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
डीएम ने कहा कि गांधीजी शब्दों पर नहीं बल्कि कार्य करने में विश्वास रखते थे। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने रघुपति राघव राजाराम सहित कई भजन सुनाए। विकास भवन समेत अन्य कई कार्यालयों में भी गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
सीडीओ केके गुप्ता ने स्वच्छता का संकल्प लेने का आह्वान किया। पुलिस लाइन में एसपी पुष्पांजलि ने अहिंसा, सामाजिक सौहार्द व निष्पक्षता से काम करने व देशभक्ति की शपथ दिलाई। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल बांटे।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गांधी पार्क में गोष्ठी की। जिलाध्यक्ष नीतम सचान ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद इनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की। अंबरीष सिंह गौर, हरिप्रसाद कुशवाहा, लल्ला मान सिंह, चंद्रप्रकाश आदि मौजूद रहे।
डेरापुर प्रतिनिधि के अनुसार गांधी जयंती तहसील क्षेत्र में मनाई गई। कांग्रेसियों ने भी बापू को याद किया।
रनियां प्रतिनिधि के अनुसार अंबेडकर नगर स्थित केपीएस स्कूल में प्रबंधक अनिल त्रिवेदी व प्रघानाचार्य केपी सिंह ने झंडारोहण व राष्ट्रगान के बाद में प्रसाद बांटा। रायपुर प्राथमिक विद्यालय में नेहरू युवा मंडल के सुभाष दीक्षित ने बच्चों को गांधी जी के विचार धाराओं पर चलने को कहा।
रायपुर प्रधान के पति महेश तिवारी, शिरोमणि सिंह, अभिषेक सिंह, पारस, जगदीश, अंकुश, रामजी मौजूद रहे।
रसूलाबाद प्रतिनिधि के अनुसार राजकीय कार्यालयों व परिषदीय स्कूलों में जयंती धूमधाम से मनाई गई। तहसील में एसडीएम राजीव पांडेय, सीएचसी में डा. एके वाजपेयी, ब्लाक में ब्लाक प्रमुख कुलदीप यादव, बीडीओ सौरभ बर्नवाल ने गांधीजी के चित्र पर माल्यार्पण किया।
बीआरसी, स्कूल कालेजों में शिक्षकों ने बच्चों को गांधी जी के बारे में जानकारियां दीं। राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। रूरा प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत कार्यालय में अघ्यक्ष संदीप कश्यप ने बापू व शास्त्री जी को याद किया।
इंजुआरामपुर गांव में बच्चों ने सफाई कर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर राजेश रावत, नपेंद्र सेंगर, राजकिशोर, राजा, अभय प्रताप मौजूद रहे ।
पूर्व सैनिकों ने लगाई झाड़ू दिया स्वच्छता का संदेश- कानपुर देहात। पूर्व सैनिक सामाजिक सेवा समिति ने गांधी जयंती पर गांधी पार्क, हाईवे पर अंडरपास के नीचे सफाई की। साथ ही लोगों को अपने घर व आसपास सफाई रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर अध्यक्ष नरेंद्र सिंह कुशवाहा, महेश यादव, सत्यभूषण सिंह, रामकुमार कुशवाहा, रणविजय सिसौदिया, गुलाब चंद्र आदि ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
वीरान पड़ा रहा गांधी चबूतरा- सरवनखेड़ा। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में जहां पूरा देश गांधी जी के आदर्शों व सिद्धांतों पर चलने की सौगंध ले रहा था।
वहीं गजनेर मेन बाजार के पास बने गांधी चबूतरा आज के दिन वीरान पड़ा रहा। चबूतरे पर बैठकर बापू को याद करना तो दूर किसी ने यहां सफाई तक करने की जरूरत नहीं समझी।
लोगों ने बताया कि 15 अगस्त व 26 जनवरी को ही इस चबूतरे पर झंडारोहण किया जाता है। गांधी जयंती पर किसी को इस चबूतरे की याद नहीं आई।