बैंक आफ बडौदा में भीड़ को काबू करते चौकी प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला
घने कोहरे और ठंड के बीच गुरुवार को कसबा स्थित बैंक आफ बड़ौदा में कैश आने की जानकारी लगते ही जरूरतमंदों की भीड़ एकत्रित हो गई। दो दिन कैश आने से लोगों ने जमकर धक्का मुक्की व हंगामा भी किया। पुलिस ने लोगों को शांत करवा कर भीड़ पर काबू पाया। पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बैंक में कामकाज शुरू हुआ।
झींझक स्थित बैंक आफ बड़ौदा में दो दिनों से कैश न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बुधवार को आक्रोशित भीड़ ने बैंक में घुस कर तोड़ फोड़ कर दी थी। गुरुवार को बैंक में कैश आने की जानकारी होते ही सुबह आठ बजे से लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सुबह 10 बजे बैंक खुली तो आपस में ही लोग धक्का मुक्की व हाथापाई करने लगे।
भीड़ अनियंत्रित होने पर पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। चौकी प्रभारी संतोष कुमार आर्य ने सिपाहियों के साथ वहां पहुंचकर हंगामा काट रही भीड़ को समझा बुझा कर लाइन में खड़ा किया। इसके बाद पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच बैंक से लेन-देन किया। शाखा प्रबंधक वरुण कुमार ने बताया कि खाता धारकों के धन की निकासी की जा रही है। चौकी प्रभारी ने बताया कि बैंक में जाने की जल्दबाजी में कुछ लोग आपस में धक्का मुक्की व हो-हल्ला कर रहे थे।