शिवाजी नगर मोहल्ले से रविवार रात अवैध शराब और केमिकल बरामद होने के मामले में पकड़े गए आरोपी ने अकबरपुर-रनियां के एक प्रत्याशी के भाई का नाम बताया था लेकिन मंगलवार को पुलिस प्रत्याशी के भाई का नाम नहीं खोल सकी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जिस व्यक्ति का नाम बताया है, उसके और आरोपी के संबंधों की जांच, मोबाइल कॉल डिटेल आदि की छानबीन की जा रही है। छानबीन में पुष्टि होने का बाद ही प्रत्याशी के भाई का नाम सामने लाया जा सकेगा क्योंकि चुनाव का समय है और कई साजिशें भी चलती हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
रविवार रात पुलिस ने शिवाजी नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे गहलौं गांव निवासी केशव सिंह को शराब की 41 पेटियों को आल्टो कार में लादते वक्त धर दबोचा था। पेटियों से 1845 क्वार्टर अवैध शराब, दो जरीकेन केमिकल, नौसादर, यूरिया बरामद की गई थी। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उक्त शराब व केमिकल एक प्रत्याशी के भाई के हैं। मंगलवार को दोबारा हुई पूछताछ में प्रत्याशी के भाई से अधिक वास्ता न होने की बात कही।
जांच अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी केशव सिंह ने जिसका नाम लिया है उसके बारे में और अधिक नहीं जानता है। वह कौन है, क्या करता है, कहां रहता है, कुछ नहीं पता। इसलिए मोबाइल कॉल डिटेल देखी जा रही है। केशव से बरामद केमिकल के नमूनों को जांच के लिए भेजा है। सीओ अकबरपुर आलोक जायसवाल ने बताया कि आरोपी व अन्य लोगों के मोबाइल सीडीआर सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी केशव सिंह पहले बरौनी के पास पाइप लाइन से तेल चुराते हुए भी पकड़ा जा चुका है। इस मामले में भी उस पर मुकदमा दर्ज है।