दुकान पर भाई के लिए राखी खरीदती किशोरी।
- फोटो : अमर उजाला
रक्षाबंधन के त्योहार की पूर्व संध्या पर राखी और मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए मनपसंद राखियां खरीदीं। वहीं सड़कों पर भी सवारी वाहनों की भीड़ से जाम जैसी स्थिति दिखाई दी।
भाई-बहन के पवित्र प्रेम का त्योहार रक्षाबंधन काफी धूमधाम से मनाया जाता है। कई दिन से बहनों ने इसकी तैयारियां कीं। बहनें भाइयों को राखी बांधने के लिए उनके घर जाती नजर आईं। रक्षाबंधन के त्योहार पर रोडवेज ने अतिरिक्त बसों के संचालन की घोषणा की है। हालांकि यात्रियों का कहना था कि मुख्य मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलती नहीं दिखाई दीं। इधर, त्योहार की पूर्व संध्या पर सवारी वाहनों में यात्रियों की भारी भीड़ दिखाई दी।
वहीं सड़कों पर वाहनों की भीड़ से पूरे दिन जाम लगने जैसी स्थिति बनी रही। कसबे के मुख्य चौराहे के आसपास राखी और मिठाई दुकानदारों के आधी रोड घेर लेने से और भी समस्या पैदा हुई। कसबे के मिष्ठान्न विक्रेताओं ने बताया कि मैदा और बेसन की बनीं मिठाइयां 150 रुपये जबकि, खोए से निर्मित मिठाइयों के भाव 280 से लेकर 350 रुपये प्रति किलोग्राम हैं। वहीं, दुकानों पर सिंथेटिक खोया और दूध से बनी मिठाइयों की जमकर बिक्री हुई लेकिन खाद्य और स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कहीं नजर नहीं आए।