नहर से शव को कब्जे में लेते पुलिस सिपाही
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शिवराजपुर थाना क्षेत्र के भौसाना नहर पुल के समीप झाड़ियों में एक महिला का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी। चौबेपुर और शिवराजपुर थाना की सीमाएं होने से कुछ ही देर में दोनों पुलिस थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
शिवराजपुर प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव सिंह यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सूचना के बाद वह भौसाना नहर पुल पहुंचे, जहां पुल के समीप झाड़ियों में करीब 30 वर्षीय महिला का शव फंसा दिखा। महिला के शरीर पर कपड़ेे नहीं थे। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृत महिला के शव पर कपड़े न होने और स्थानीय लोग कई प्रकार की आशंका जता रहे हैं। मृतका के हाथ पर मात्र हरे रंग की एक छोटी से पट्टी बधी पाई गई है। प्रथम दृष्टया शव 5 से 6 दिन पुराना प्रतीत होता है, साथ ही मृतका के सिर पर जख्म हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
थानों में जारी किया गया अलर्ट
पुलिस क्षेत्राधिकारी भगवान सिंह ने बताया कि निचली गंग नहर के समीप स्थित ककवन, बिल्हौर, ठठिया, तिर्वा, कन्नौज, कानपुर देहात सहित अन्य सभी क्षेत्रों के पुलिस थानों में अलर्ट जारी कर महिला के फोटो प्रेषित किए गए हैं। जल्द से जल्द महिला के शव का शिनाख्त हो, इसके लिए शिवराजपुर और चौबेपुर एसओ को चौकीदारों और मुखबिरों को सक्रिय करने के आदेश दिए गए हैं।