जलालुद्दीन की मौत पर बिलखते परिजन।
अपनी बहन के निकाह के लिए निमंत्रण कार्ड बांटने निकले भाई की बाइक में पीछे से आ रही बाइक ने अमरोहिया मोड़ पर टक्कर मार दी। इससे बाइक में पीछे बैठे मामू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती करवाया है।
हादसे में घायल रफीक अहमद पुत्र मुन्ना इदरीसी निवासी अनेई बिल्हौर ने बताया कि वह अपने मामू जलालुद्दीन पुत्र मजीद निवासी अनेई के साथ बहन शबनम बानो के निकाह के कार्ड बांटने गया था। बहन का निकाह 2 अप्रैल को डोड़वा जमौली निवासी नौशाद पुत्र महमूद संग तय हुआ है।
शुक्रवार की सुबह वह अपनी बहन खुशनुमा पत्नी रमजान निवासी विमटामऊ तिर्वा के यहां से कार्ड देकर लौट रहा था। इस दौरान वह हेलमेट लगाए था। रसूलाबाद के निकट अज्ञात बाइक सवार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी और फरार हो गया। इससे पीछे बैठे उसके मामू जलालुद्दीन गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंचे एसआई एचएन तिवारी ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को कार्ड पर लिखे मोबाइल नंबर से दी है। जलालुद्दीन की पत्नी जुबैदा ने बताया कि उसके चार पुत्र, शकील, अकील, शमील व रफीक हैं। थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने बताया कि शव कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।