भोगनीपुर कोतवाली में झांसी हाईवे पर चौरा गांव के पास कार की टक्कर से बाइक सवार सैनिक की मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी और तीन बच्चे जख्मी हो गए। घायलों को एंबुलेंस से कालपी सीएचसी ले जाया गया। कार छोड़कर उसका ड्राइवर चला गया।
सट्टी थाना के दूंदेपुर निवासी विमल कुमार ने बताया कि उसका चचेरा भाई बृजेंद्र सिंह (35) आर्मी में हैं। अमृतसर में उसकी तैनाती है। होली में छुट्टी पर घर आया था। गत सोमवार को वह बाइक से ससुराल सिरसाकलार-जालौन के भगौरा गांव जा रहा था। उसकी पत्नी साधना (32), पुत्री अनामिका (12), काजल (14) और पुत्र अनमोल (7) भी साथ में थे।
चौरा गांव के पास पंप से बाइक में पेट्रोल लेकर रोड पर आते ही कालपी से आ रही कार ने टक्कर मार दी। बाइक के साथ कार में फंसे बृजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाल राधामोहन दुबे ने बताया कि मृतक की पत्नी और बच्चों को कालपी सीएचसी ले जाया गया। विमल कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कार को कब्जे में लिया गया है। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।