बरौर थाना क्षेत्र में निगोही मार्ग पर मंगलवार की शाम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के दौड़ाने पर एक बाइक सवार युवक की पुलिया से टकराकर मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की जीप से हादसा हुआ है। वाहन चेकिंग के दौरान जीप सवार पुलिकर्मियों ने उसे खदेड़ा था। गुस्साए ग्रामीणों ने जीप पर पथराव कर दिया। जिससे जीपचालक धन्ना सिंह व होमगार्ड शारिक भी चुटहिल हो गए। पुलिसकर्मी जीप छोड़कर भाग गए।
रसालपुर निवासी पिंटू सिंह नायक ने बताया कि उसके चचेरे भाई दिनेश सिंह (35) ने मकान बनवाया है। वह मंलवार को बची हुई निर्माण सामग्री दुकानदार को वापस करने बरौर आया था। वह हेलमेट नहीं लगाये था। पुलिस को चेकिंग करते देख वह निगोही मार्ग पर मुड़ गया। पुलिसकर्मियों ने जीप से उसका पीछा किया।
पुलिया के पास जीप की टक्कर से वह उछलकर पुलिया पर जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। देर रात तक शव घटनास्थल पर रखा है। वहीं एएसपी ऋषिपाल सिंह यादव, डेरापुर के डीएसपी, भोगनीपुर कोतवाल फरमूद अली पुंडीर पुलिस बल और क्यूआरटी टीम के साथ पहुंच गए। ग्रामीणों से बातचीत का सिलसिला जारी है।