रायपुर में ऑटो सवार बदमाशों ने दंपति से रुपयों से भरा पर्स छीनकर भाग निकले। पुलिस ने तीन घंटे बाद ही दो बदमाशों को धर दबोचा। जबकि दो बदमाश मौके से भाग निकले। रनियां चौकी इंचार्ज अनूप कुमार दुबे ने बताया कि दो बदमाशों को पकड़ा गया है। पूछताछ कर साथी बदमाशों की धरपकड़ और रुपये बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रहीमपुर निवासी अली अहमद ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी रहीशा बानो के साथ रनियां स्थित बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में रुपये जमा कराने आए थे। बैंक कर्मियों के इंकार पर वह रायपुर शाखा में जाने के लिए ऑटो सवार हुए।
ऑटो में पहले से चार युवक सवार थे। रायपुर पहुंचकर उनकी पत्नी ने किराया देने के लिए पर्स निकाला, तभी ऑटो सवार बदमाश पर्स छीनकर कानपुर की ओर भाग निकले। उन्होंने रिश्तेदार को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद रिश्तेदार उन्हें लेकर चौकी पहुंचे और पुलिस को लूट की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि पर्स में 30 हजार रुपये थे। इसके बाद चौकी इंचार्ज उन्हें जीप में बैठाकर कानपुर की ओर गए, लेकिन लुटेरों को कोई सुराग नहीं लगा। वापसी में हाईवे के किनारे ऑटो खड़ा देख अली अहमद के शोर मचाने पर ऑटो सवार लुटेरों ने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को धर दबोचा। जबकि उनके दो साथी मौके से भाग निकले।