शिवली कस्बे के अभय हत्याकांड का मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के टोडरपुर गांव के अभय अग्निहोत्री(19) पुत्र मनोज अग्निहोत्री बीती 3 मई को अचानक घर से लापता हो गया था। इसके बाद 5 मई को पिता ने कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 23 मई को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने अभय का कंकाल पांडु नदी शेखूपुर गांव के किनारे से बरामद किया था। पिता ने रास्तपुर के अनिल तिवारी सहित दो लोगों पर आरोप लगाए थे। इसके बाद से पुलिस ने मामले की छानबीन कर रही थी।
मंगलवार कोतवाली में पत्रकार वार्ता में सीओ रसूलाबाद रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि आरोपी शेखूपुर गांव निवासी राकेश कुरील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व फावड़ा बरामद कर लिया है। बताया कि इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह, एसआई अनिलेश कुमार, कल्लू यादव, अरविंद कुमार, विशेष कुमार व अमरनाथ मिश्र की टीम ने घटना का खुलासा किया है।
अप्राकृतिक यौन संबंधों को लेकर हुई थी हत्या
टोडरपुर गांव के अभय अग्निहोत्री की हत्या अप्राकृतिक यौन संबंधों को लेकर हुई थी। पुलिस के मुताबिक रास्तपुर निवासी आरोपी अनिल तिवारी के मृतक के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध थे। इसका अभय ने कई जगह साथियों से जिक्र किया था। सीओ रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि इसी खुन्नस में अनिल तिवारी और साथी राकेश कुरील ने मिलकर अभय की हत्या कर दी थी।
मुख्य आरोपी ट्रेन के सामने कूदकर कर चुका है आत्महत्या
शिवली। अभय हत्याकांड का मुख्य आरोपी ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर चुका है। इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया की घटना में रास्तपुर गांव का अनिल तिवारी मुख्य आरोपी था। उसने 29 मई को थाना बिल्हौर के उत्तरीपुरा में ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की तो राकेश के संलिप्त होने की बात सामने आई। पूछताछ मेें आरोपी राकेश ने घटना की सच्चाई बता दी।