लड़की के लिए वर देखने जा रहे परिवार से भरी कार ने जीटी रोड पर सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार में फंसकर बाइक सवार युवक काफी दूर तक रगड़ता चला गया। इससे दोनों वाहनों में देखते ही देखते आग लग गई। आनन-फानन में कारसवार लोगों को नीचे उतारा गया।
दोनों वाहनों में आग लगने से करीब एक घंटा तीस मिनट तक जीटी रोड पर वाहनों का जाम लगा रहा। टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस की सूचना पर घटना के तीन घंटा बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच सकी। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने ट्रैक्टर लगाकर जीटी रोड जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने लाठियां पटककर लोगों को खदेड़ दिया।
गुरुवार को बाबूपुरवा कानपुर निवासी गुल अब्दुल मजीद पुत्र अब्दुल हनी अपने पूरे परिवार के साथ किराए पर जाइलो से कन्नौज के किला मोहल्ला में पुत्री के लिए दूल्हा देखने जा रहे थे। कार में गुल अब्दुल के पुत्र-पुत्री जावेद, नाजिया, आसिया, अकबरी, किसमरी सहित साली अकबरी और बहन अखतरी व चालक सहित कुल नौ लोग सवार थे। जावेद ने बताया कि किराए पर जाइलो से वह लोग जैसे ही बिल्हौर के आगे करीब डेढ़ बजे मिडुआ गांव के सांई सागर ढाबा के सामने पहुंचे तो तेज रफ्तार कार का चालक गाड़ी ने नियंत्रण खो बैठा।
इससे देखते ही देखते सामने आ रहे बाइक सवार गाड़ी से आ टकराया। जब तक चालक कार रोकता तब तक बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार के अगले हिस्से में आग की लपटे उठने लगीं। दुर्घटना के बाद कार में बैठे सभी लोगों को जल्द-जल्द बाहर निकाला गया। ढाबे पर प्रत्यक्षदर्शियों ने लहूलुहान बाइक सवार महदेवा गांव निवासी अनुपम मिश्रा (35) पुत्र दुर्गाशंकर को उठाकर सीएचसी भेजा, जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की शादी छह माह पहले ही गुरसहायगंज, कन्नौज में हुई थी।
दुर्घटना के बाद बाइक और कार धू-धूकर जलती देख जीटी रोड के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। इसी दौरान हो-हल्ला कर रहे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर लगाकर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने हंगामा काट रहे लोगों को खदेड़ कर किनारे कर वाहनों को पास कराया। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों और जावेद ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक भाग गया। इंसपेक्टर ने बताया कि कार सवार लोगों को भी मामूली रूप से चोटें आई हैं जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। वहीं मृतक अनुपम के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।