बेकाबू ट्रक की टक्कर से नहर में गिरे बुजुर्ग का शव हादसे के बीस घंटे मिला। इधर, ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर दूसरे दिन भी हंगामा किया।
शुक्रवार की शाम मिर्जापुर (साढ़) निवासी रामप्रसाद (60) को तेज रफ्तार ट्रक अपनी चपेट में लेता हुआ नहर में जा गिरा था। रात में ट्रक बाहर निकाल लिया गया लेकिन, रामप्रसाद को नहीं खोजा जा सका।
शनिवार को हादसे से नाराज ग्रामीणों ने साढ़-रमईपुर मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों के आक्रोश के बीच हादसे के बीस घंटे बाद शनिवार दोपहर पुल के पास से ही रामप्रसाद के शव को ढूंढा जा सका।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगे तो परिजन तत्काल मुआवजा की मांग करने लगे। इस दौरान सजेती और बिधनू थाने से भी पुलिस बल बुला ली गई।
सूचना पर एसडीएम कमलेशचंद्र बाजपेई और सीओ सदर अमित कुमार राय पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुत्र राहुल कठेरिया की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।