सजेती (कानपुर)। रविवार की दोपहर थानाक्षेत्र के अनूपुर मोड़ के पास बाइक फिसल जाने से उस पर बैठी अचानक महिला सड़क पर गिर गई। पीछे से तेज रफ्तार में निकला ट्रक उसको रौंदते हुए चला गया।
यशोदा नगर (नौबस्ता) कानपुर निवासी बालूराम अपनी बहन कौशल्या देवी (40) पत्नी हेमराज को बाइक में बैठाकर हमीरपुर स्थितचौरादेवी के दर्शन कराने के बाद उसे उसकी ससुराल ग्राम मेंहदियापुर थाना चांदपुर (फतेहपुर) छोड़ने जा रहा था। बालूराम जैसे कानपुर-सागर राजमार्ग पर स्थित अनूपुर मोड़ के चंदेल ढाबा के पास पहुंचा। तभी, बारिश से गीली हुई सड़क पर उसकी बाइक फिसल गई। संतुलन बिगड़ जाने से पीछे बैठी कौशल्या देवी उछलकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक उसको रौंदता हुआ निकल गया।
जबकि, बालूराम बाल-बाल बच गया।
सूचना पाकर सजेती पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। महिला के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाने के दरोगा दशरथ सिंह ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे के आसपास हुई। बताया कि दुर्घटना करके भागे ट्रक की तलाश की जा रही है।