घाटमपुर। कस्बे में तीन दिनों से एक बार फिर से घंटों जाम लगने जैसी स्थिति से स्थानीय नागरिक और वाहन सवार परेशान हैं। गुरुवार की देर शाम से लेकर शुक्रवार की शाम तक तकरीबन 20 घंटे से अधिक समय तक वाहनों की लंबी कतार लगने से वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। शुक्रवार को मुख्य चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से और भी परेशानी हुई।
बता दें कि 29 मई को क्षेत्र में लोकसभा चुनाव की वोटिंग के चलते कानपुर रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया था। इस कारण हजारों की संख्या में मौरंग-गिट्टी ढोने वाले ट्रक रास्ते में रोक दिए गए थे। स्थानीय निवासियों ने बताया कि चुनाव खत्म होने के बाद ट्रकों का एक साथ निकलना शुरू हुआ है।
कानपुर-सागर राजमार्ग पर वाहनों का भारी दबाव है। जिससे जाम की स्थिति पैदा हो रही है। शुक्रवार की सुबह 6 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक कानपुर-सागर राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। रोडवेज बसें और छोटे चार पहिया वाहन वाया परास चौराहा से होकर बरीपाल की ओर निकले। वहीं, कस्बे के साढ़ मार्ग से भी वाहनों का आवागमन रहा। इधर, मुगल रोड पर भी वाहनों का दबाव है, जिससे मुख्य चौराहे पर दिनभर मारामारी जैसी स्थिति नजर आती है।
घाटमपुर में सुबह से शाम तक लगता रहा जाम