विधान सभा चुनाव मतगणना को देखते हुए अकबरपुर महाविद्यालय में शुक्रवार से मतगणना कार्मिकों, मतगणना टेबिल पर्वेक्षक, मतगणना सहायकों, माइक्रो आब्जर्वर व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्रशिक्षण शुरू किया गया है।
प्रशिक्षण में एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा वार 14-14 टेबिल लगेंगी। एक टेबिल पर मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, माइक्रो आब्जर्वर व ईवीएम मशीन ले जाने के लिए एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी रहेगा। 11 मार्च को स्टेडियम में प्रात: 8 बजे से मतगणना शुरू होगी, जोकि अनवरत समाप्त होने तक चलता रहेगा।
मतगणना कार्मिक व एजेंट आदि मतगणना स्थल पर समय से दो-ढाई घंटा पहले पहुंचकर पूरी स्थिति को समझ लें। सबसे पहले विधानसभावार पोस्टल एवं सर्विस बैलट की गणना आरओ टेबिल पर की जाएगी। ईवीएम कंट्रोल यूनिट में पड़े वोटों की गिनती प्रारंभ होगी।
यदि किसी एजेंट को गणना के दौरान कोई शिकायत हो तो वह उसी राउंड की गणना के दौरान उसका निस्तारण करा सकता है। राउंड समाप्त होने पर उसकी किसी भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होगी। एडीएम ने बताया कि मतगणना के समय मतगणना कार्मिक, एजेंट संयम से निष्पक्ष, निर्भीक भाव से मतगणना कार्य में मदद करें।
एडीएम के मुताबिक मतगणना के दूसरे दिन होली का त्योहार है इसलिए कोई भी प्रत्याशी चाहे वह जीता हो या हारा हो कोई ऐसा कार्य नहीं करेगा, जिससे शांति एवं कानून व्यवस्था में व्यवधान हो। विजय जुलूस आदि पर पूर्णतय: प्रतिबंध रहेगा। विजयी प्रत्याशी को सुरक्षा के साथ उसके घर तक भेजा जाएगा।