एसडीएम कोर्ट के बाहर बैठे बयान के लिए पहुंचे लोग।
अकबरपुर में रामनवमी पर जवारा विसर्जन यात्रा में हुए उपद्रव के मामले में एसडीएम ने 168 लोगों को शांतिभंग का नोटिस जारी किया था। इस संबंध में रविवार को छुट्टी के दिन एसडीएम ने कोर्ट में बैठकर लोगों के बयान दर्ज किए। गवाही और साक्ष्य के लिए तारीख दी गई है।
बता दें कि, जवारा विसर्जन यात्रा के विवाद व पथराव के मामले में अकबरपुर कोतवाल अरविंद कुमार सिंह की तहरीर पर 60 नामजद सहित 150 पर मुकदमा दर्ज है। इसकी जांच शिवली इंस्पेक्टर कर रहे हैं। वहीं, एसडीएम अकबरपुर जयनाथ यादव ने अपनेस्तर पर शांतिभंग की कार्रवाई पर 168 लोगों को नोटिस जारी किए थे।
इसको लेकर एसडीएम ने सुबह 10 से लेकर शाम 7 बजे तक कोर्ट में बैठ कर बयान दर्ज किए। इसमें कई लोगों ने घटना में शामिल नहीं होने की बात कहकर गवाह और साक्ष्य पेश करने का वक्त मांगा। इस पर उनको तारीख दी गई है। वहीं, विधायक प्रतिभा शुक्ला एवं पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने भी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम से वार्ता की।
एसडीएम जयनाथ यादव ने विधायक से कहा कि शांतिभंग के मामले में साक्ष्य एवं गवाह के आधार पर ही कार्रवाई होगी। शांतिभंग की आशंका साबित होने के बाद ही उसे मुचलका भरना होगा। लिहाजा अभी प्रक्रिया चल रही है। इसमें किसी को परेशान नहीं किया जाएगा।