मनरेगा में रोजगार पाने या जॉब कार्ड बनवाने के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा।
घर बैठे फोन के जरिये न सिर्फ रोजगार की मांग की जा सकेगी बल्कि जॉब कार्ड बनवाने के लिए भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। मनरेगा से जुड़ी शिकायतें भी इस पर दर्ज कराई जा सकेंगी।
ग्राम्य विकास विभाग ने इसके लिए एक टोल फ्री नंबर 1800-180-5999 शुरू किया है। जिस पर फोन करके अपनी मांग या शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
विभाग ने एक और नंबर 9235000055 भी मुहैया कराया है, जिस पर एसएमएस के जरिये भी यह सारे काम कराए जा सकेंगे।
ग्राम्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अरविंद सिंह गोप ने इन हेल्पलाइनों का गुरुवार को यहां उद्घाटन किया।
24 घंटा में मिलेगा रोजगार
गोप ने पत्रकारों को बताया कि दोनों हेल्पलाइनें 24 घंटा काम करेंगी। किसी को भी मनरेगा के तहत काम पाने के लिए कहीं भटकने की जरूरत नहीं है।
टोल फ्री नंबर पर कॉल करके या दूसरे नंबर पर एसएमएस के जरिये यह काम कर सकता है। टोल फ्री नंबर से रोजगार मांगने के लिए व्यक्ति को 1800-180-5999 डायल करना होगा।
नंबर डायल करके उस पर अपना जॉब कार्ड नंबर बताना होगा।
साथ ही यह भी जानकारी देनी होगी कि संबंधित व्यक्ति किस तारीख से काम करना चाहता है। अगर व्यक्ति चाहता है तो मांग के 24 घंटा के भीतर उसे रोजगार में मुहैया कराया जाएगा।
दूसरे विकल्प के रूप में एसएमएस का उपयोग किया जा सकता है।
इसके टाइप करना होगा जाब कार्ड नंबर स्पेस फिर वर्क स्टार्टिंग डेट फिर स्पेस और नंबर ऑफ डेज (कितने दिन काम करना चाहते हैं) टाइप करके वह मैसेज 9235000055 पर भेजना होगा। इसके अलावा मनरेगा की वेबसाइट पर ऑन लाइन यह काम भी किया जा सकता है।
शिकायतें भी होंगी दर्ज
इन नंबरों पर शिकायतें भी दर्ज कराई जा सकती हैं। जैसे किसी को रोजगार नहीं मिल रहा है। काम मिला है लेकिन 15 दिन से अधिक समय से मजदूरी नहीं मिल रही है।
जितने दिन काम किया है, जॉब कार्ड पर उससे ज्यादा लिख दिया गया है।किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इन शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होगी और इसकी सूचना संबंधित व्यक्ति के फोन नंबर पर दी जाएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे मनरेगा में काम न मिलने और अन्य प्रकार की गड़बड़ियों की शिकायतों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।