फिरोजाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच भाजपा से हर्षिता सिंह और सपा से रुचि यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किए। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों को जांच में सही पाया। अब तीन जुलाई को मतदान होगा।
शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने सपा प्रत्याशी रुचि यादव पत्नी इंजी राहुल यादव ठीक 11 बजे जिला मुख्यालय पर पहुंचीं। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष दुर्गपाल उर्फ डीपी यादव, एमएलसी डॉ. दिलीप यादव, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष धर्म सिंह यादव एडवोकेट सहित कई अधिवक्ता साथ आए। नामांकन को रुचि यादव के अलावा प्रस्तावक के रूप में जिला पंचायत सदस्य प्रशांत, मनोज, अर्चना यादव एवं पूजा निषाद एवं पूर्व डीजीसी नीरज यादव साथ पहुंचे। उन्होंने 11:10 बजे डीएम न्यायालय कक्ष में नामांकन के चार सेट दाखिल किए।
पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह की पुत्रवधू एवं भाजपा प्रत्याशी हर्षिता सिंह पत्नी सुमित प्रताप सिंह नामांकन दाखिल करने ठीक दो बजे जिला मुख्यालय पहुंचीं। उनके साथ प्रस्तावक के रूप में राजीव कुमार, राधेश्याम दिवाकर, सीमा यादव एवं पप्पी यादव जिला पंचायत सदस्य साथ थे। उन्होंने नामांकन के दो सेट 2:8 बजे डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए। भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिले के प्रभारी दयाशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह, मेयर नूतन राठौर, नगर विधायक मनीष असीजा, शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा, जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी, रामकैलाश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी नारायन यादव, अरविंद पचौरी, महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार, मीडिया प्रभारी अमित गुप्ता मौजूद रहे। डीएम ने तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच की। जांच में दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
प्रवेश को लेकर अधिवक्ताओं से बहस
सपा प्रत्याशी रुचि यादव जब जिला मुख्यालय पर नामांकन दाखिल करने पहुंची तो उनके साथ सपा नेताओं के अलावा अधिवक्ता साथ थे। सपा प्रत्याशी के प्रवेश के साथ-साथ सपा अधिवक्ता सभा के इंद्रपाल सिंह गुर्जर एडवोकेट ने प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस ने अधिवक्ताओं को रोक दिया। पुलिस के रोकते ही अधिवक्ताओं के तेवर तीखे हो गए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, पूर्व बार अध्यक्ष धर्म सिंह यादव, महासचिव देवेंद्र यादव, कनिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम यादव, सहसचिव वकील खान, सुंदर सिंह यादव, रवींद्र यादव ने पुलिस कर्मियों से जमकर बहस हुई।
नामांकन के दौरान कोविड नियमों की उड़ीं धज्जियां
भाजपा प्रत्याशी हर्षिता सिंह के नामांकन दाखिल कराने पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिले के प्रभारी दयाशंकर सिंह, पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्यालय पहुंचे। इनके साथ काफी भीड़ एवं वाहनों का काफिला था। भीड़ एवं काफिले के बीच काफी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी मास्क ही नहीं लगाए थे। वाहनों की कतार के कारण हाईवे पर वाहनों का आवागमन थम गया था। मीडिया ने जब कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन नहीं किए जाने की बात की तो भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर का कहना था कि हम पांच-सात लोग एक ही गाड़ी से आए हैं।
जिला कार्यालय पर डेरा डाले रहे सपा के वरिष्ठ नेता
नामांकन दाखिल करने के बाद भी सपा के नेता जिला कार्यालय पर डेरा डाले रहे। सपा प्रत्याशी के नामांकन की जांच होने के बाद जब ओके रिपोर्ट आई उसके बाद ही सपा नेता अपने घरों को रवाना हुए। बताते हैं कि शिकोहाबाद में पूर्व सांसद अक्षय यादव भी मौजूद रहकर नामांकन प्रक्रिया की पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए थे।