फोटो50जनपद के एक थाने में रील बनाते युवक। वीडियो ग्रैव
- फोटो : Self
फिरोजाबाद। सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून अब सरकारी कार्यालयों तक पहुंच गया है। जिले के एक थाना प्रभारी के कार्यालय में दो युवकों ने फिल्मी गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। मंगलवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस व्यवस्था और कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
वायरल वीडियो में दो युवक थाना प्रभारी की कुर्सी के आसपास फिल्मी गाने की धुन पर घूमते और मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक तीसरा युवक थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठा दिखाई देता है। वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन मंगलवार को यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहे हैं कि थाना प्रभारी के कार्यालय तक युवक कैसे पहुंचे और कार्यालय में इस तरह रील बनाने की अनुमति कैसे मिली। हालांकि, मामले में पुलिस विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।