इलाज के दौरान युवक की मौत, हंगामा
फिरोजाबाद। निजी चिकित्सक से उपचार करा रहे युवक की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों का आक्रोश देख चिकित्सक क्लीनिक बंद कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला एलान नगर निवासी हुकम सिंह(40) पुत्र लेखराज चूड़ी जुड़ाई का काम करता था। सोमवार शाम अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद परिजन उसे मोहल्ले में रहने वाले चिकित्सक की रहना स्थित क्लीनिक पर ले गए। परिजनों ने बताया कि यहां उपचार के दौरान युवक की हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन हुकुम सिंह को लेकर सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने उपचार के दौरान दो इंजेक्शन लगाए थे।
इसके बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी और उसकी मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने क्लीनिक पहुंचकर हंगामा किया। लोगों को देखकर आरोपी चिकित्सक भाग गया। वहीं थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।