फिरोजाबाद। बड़े भाई ने ही सगे छोटे भाई की पत्नी काे बदनियत से पकड़कर उसके कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। जब उसने इसकी शिकायत पति और सास-ससुर से की तो पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और तीन तलाक बोलकर घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर पीड़िता का मेडिकल कराया है।
थाना रसूलपुर क्षेत्र की निवासी महिला ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि 18 जुलाई को वह घर पर अकेली थी। तभी उसके जेठ ने उसे बदनियत से पकड़ लिया। विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। महिला ने जब इसकी शिकायत पति, सास और सुसर से की तो उन्होंने उल्टा उसे ही भला-बुरा बोलकर बेरहमी से पीट दिया। इतना ही नहीं पति ने बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और तीन तलाक बोलकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रमोद पंवार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।