शिकोहाबाद। भाजपा का बस्ता लगाने पर एक युवक के परिजन को दबंगों ने घर में घुसकर पीटा। मतदान के बाद बच्चे का जन्मदिन मनाने के दौरान दबंगों ने युवक की पत्नी और बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया। उनको देर रात जिला संयुक्त चिकितसालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत गांव नानेमऊ में नरेंद्र सिंह भाजपा समर्थक हैं। नरेंद्र के अनुसार उन्हें भाजपा के पोलिंग बूथ पर बस्ता लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उनका आरोप है कि भाजपा का बस्ता लगाने पर मोहल्ले में ही रहने वाले दो भाई सोनू एवं देवदत्त नाराज हो गए। शाम के समय जब नरेंद्र यादव अपने नाती शिवम का घर पर जन्मदिन मना रहे थे, तभी दोनों भाई शराब के नशे में घर में घुस आए। जिन्होंने गाली-गलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी।
आरोपियों ने नरेंद्र की पत्नी गुड्डी देवी एवं बेटे ऋषभ को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर नसीरपुर पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। इंस्पेक्टर नसीरपुर शेर सिंह का कहना है कि जन्मदिन मनाने के दौरान शराब पीकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। भाजपा का बस्ता लगाने पर मारपीट करने जैसा कोई मामला नहीं है। इस घटना की रिपोर्ट नरेंद्र के पुत्र मोहित ने दर्ज कराई है।