शिकोहाबाद। न्यायालय में एक न्यायिक अधिकारी के यहां प्राइवेट तौर पर कार्यरत युवक अपने तीन दोस्तों के साथ छीछामई पुल के पास नहर में नहाने के दौरान डूब गया। तीन युवकों को तीन साहसी युवकों ने नहर में कूदकर बचा लिया, लेकिन एक युवक नहर के तेज बहाव में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डूबे हुए युवक की तलाश शुरू कर दी है। बुधवार शाम चार दोस्त राजन बाबू निवासी भोगांव मैनपुरी, मनोज कुमार निवासी लोहा मंडी खतेना थाना जगदीशपुरा आगरा, राजकमल दिवाकर निवासी असफाबाद थाना रसूलपुर एवं मोनू निवासी विजयपुरा थाना मटसेना आपस में काफी समय बाद मिले थे। सभी दोस्तों गांव छीछामई नहर पुल के पास पार्टी करने के बाद बंबा में नहाने के लिए उतर गए। जो कि नहाने के दौरान बंबा एवं नहर के मध्य लगे लोहे के फाटक को पार करके नहर में नहाने के लिए चले गए। वहां पानी का बहाव तेज होने के चलते चारों दोस्त पानी के तेज बहाव में बह गए।
तभी वहां से गुजर रहे एक साहसी युवक अभिषेक चौधरी व उसके दो साथियों की नजर नहर में डूब रहे चारों युवकों पर पड़ीं। वह अपनी जान की परवाह किए बिना युवकों को बचाने के लिए नहर में कूद पड़े। उन्होंने तीन युवकों को तो बचा लिया, लेकिन मोनू तेज बहाव में बह गया। इस घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जिन्होंने नहर में डूबे हुए युवक की तलाश शुरू कर दी।
अलग-अलग न्यायिक अधिकारियों के पास काम करते हैं युवक
नहर से बाहर निकाले गए युवकों ने बताया कि वह सभी लोग न्यायिक अधिकारियों के घर अलग-अलग काम करते हैं। मनोज कुमार एडीजे द्वितीय के यहां कर्मचारी है। राजकमल सीजेएम के यहां फॉलोअर है। राजन परिवार न्यायालय में चपरासी है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि डूबा हुआ युवक मोनू सीजेएम फिरोजाबाद की पूर्व में गाड़ी चलाता था।
नहर में नहाने गए युवक आपस में दोस्त हैं। सभी न्यायिक अधिकारियों के पास प्राइवेट तौर पर काम करते हैं। डूबे हुए युवक की तलाश की जा रही है।
अनिल कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, शिकोहाबाद