फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के सांती रोड स्थित नगला गुलरिया टावर वाली गली में रविवार को निर्माणाधीन मकान में मिले युवक के नग्न शव की शिनाख्त हो गई है। मृतक आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के नगला केसरी का रहने वाला 20 वर्षीय कमल था। युवक की हत्या एक लोडर चालक ने नशे में विवाद होने पर ईंटों से उसके सिर और नाजुक अंगों पर नृशंसतापूर्वक प्रहार करके की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार को शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। लोडर चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी है।
मृतक कमल के पिता ने बताया कि उनका परिवार मजदूर वर्ग से है। कमल 22 अगस्त की रात 8.30 बजे करीब किसी का फोन बेटे के मोबाइल पर आया था। इसके बाद वह फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र में हलपुरा स्थित अपनी ननिहाल के लिए निकल गया था। इसके बाद 12 बजे करीब एक लोडर चालक आकाश निवासी नगला गुलरिया, रामगढ़ का फोन उनके मोबाइल पर आया और बेटे कमल से बात हुई थी।
बेटे ने बताया था कि वह रामगढ़ क्षेत्र में है और मामा के घर हलपुरा जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिलने के चलते लोडर को बुक किया है। इसके बाद फोन काट दिया था। रविवार देर रात सूचना मिली की बेटे का शव चिश्ती नगर निवासी हसन के नगला गुलरिया में निर्माणाधीन मकान में मिला है। इसके बाद पोस्टमार्टम जाकर शिनाख्त की।
पुलिस की जांच में यह घटनाक्रम आया सामने
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव दुबे मामले की जांच कर रहे हैं। उनकी जांच में सामने आया है कि कमल ने भी शनिवार रात को शराब पी थी और लोडर चालक आकाश ने भी शराब पी रखी थी। आकाश अपने घर की ओर जा रहा था। रास्ते में उसे कमल मिला, कमल ने उसे हलपुरा तक जाने के लिए बुक किया। इसके बाद आकाश ने अपने फोन से कमल की उससे पिता से बात भी कराई। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर शराब के नशे में कहासुनी हुई। आकाश, कमल को नगला गुलरिया में बंद पड़े निर्माणाधीन मकान में ले गया था।
वहां ले जाने के बाद उस पर ईंटों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों को जाते हुए कुछ लोगों ने देखा भी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी कमल की मृत्यु का कारण सिर व नाजुक अंगों पर ईंटों से प्रहार करने का ही आया है। कमल के परिवार वालों का कहना है कि बेटे का मोबाइल भी गायब है। जब तक आकाश की गिरफ्तारी और उससे पूछताछ नहीं हो जाती, मोबाइल के बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इसके अलावा आकाश की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात से पूर्व दोनों के बीच किस बात पर झगड़ा हुआ यह स्थित साफ होगी। आकाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगी हैं। कमल के पिता की ओर से हत्या के आरोप में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर आकाश पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है।