तिलकनगर में पानी में कीड़े और बदबू
कई दिन से लोग परेशान, बाजार से खरीद कर पी रहे पानी, जलकल विभाग की टीम ने लिए नमूने
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। वार्ड संख्या-26 कई इलाकों में दूषित पानी सप्लाई समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने रविवार की शाम को दूषित पानी में छोटे-छोटे कीड़े आने की शिकायत की। हालांकि कई दिन से लगातार शिकायत मिलने पर नगर निगम के जलकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पानी का नमूना संकलित किया।
वार्ड संख्या-26 से जुड़े मोहल्ला तिलक नगर पीपल वाली गली और श्याम वरन यादव वाली गली में विगत एक पखवाड़े से दूषित पेयजल सप्लाई की समस्या है। क्षेत्रीय लोगों की लगातार शिकायत के बाद भी समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि रविवार को शाम की सप्लाई के दौरान घरों में बदबूदार पानी में कीड़े भी आए। कई दिन पुरानी समस्या का समाधान नहीं होने से लोग परेशान हैं। क्षेत्रीय निवासी अजय कुमार शर्मा, गुड्डा ठाकुर, श्यामबरन यादव और ठाकुर राकेश सिंह का कहना है कि दूषित पानी की समस्या से कभी भी क्षेत्र में संक्रामक बीमारी फैलने का अंदेशा है। लोग बीमारी फैलने की आशंका से बाहर से पानी खरीद कर पी रहे हैं। लगातार मिल रहीं शिकायत को लेकर निगम के जलकल विभाग अधिकारी क्षेत्र में पहुंचे। पानी का नमूना संकलित करने का काम शुरू किया गया।
समस्या निदान के लिए पानी के नमूना संकलित कराने का काम शुरू कर दिया है। इसके अतिरिक्त लाइन लीकेज को भी तलाश किया जा रहा है। ताकि क्षेत्र में सही पानी की आपूर्ति की जा सके। रामबाबू राजपूत, महाप्रबंधक जलकल