फिरोजाबाद। कई माह से बंद चले औद्योगिक आस्थान स्थित एक चूड़ी कारखाना में उत्पादन प्रक्रिया शुरू होते ही हंगामा खडा़ हो गया। कुछ श्रमिकों ने कारखानेदार पर बकाया मानदेय का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया। कुछ श्रमिकों ने जबरन कारखाने के भीतर घुसने का प्रयास किया।सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई।
औद्योगिक आस्थान नगला भाऊ स्थित ज्ञानचंद-महावीर प्रसाद कांच इकाई में चूड़ी उत्पादन होता है। तकनीकी कारणों से कांच इकाई बीते कई दिनों से बंद चल रही थी। जानकारी के अनुसार कांच इकाई में उत्पादन प्रक्रिया बहाल करने की कवायद चल रही है। बुधवार की सुबह अचानक कई कांच श्रमिक अचानक परिजनों को लेकर कारखाने के गेट पर पहुंच गए। और हंगामा शुरू कर दिया। श्रमिकों व परिजनो का आरोप था कि कारखानेदार ने उनका कई माह का बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया है। तथा काम पर भी नहीं रखा जा रहा है। हंगामा के दौरान कुछ श्रमिकों व उनके साथ आईं महिलाओं ने जबरन कारखाने में घुसने का प्रयास किया। हालांकि इस दरम्यान थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तथा श्रमिकों व उनके परिजनों का शांत किया। समाचार लिखे जाने तक रामदत,श्यामबाबू, बबलू और कैलाश यादव आदि श्रमिक व उनके परिजन कारखाने के बाहर घरना पर बैठे थे। कारखानेदार सुरेद्र जैन के मुताबिक कुछ लोग बेवजह हंगामा करने नीयत से आए थे। किसी भी श्रमिक का मानदेय बकाया नहीं है।