तहसील सदर में अधिवक्ताओं की हड़ताल के दौरान नारेबाजी करते अधिवक्तागण
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। नल कनेक्शन के लिए सड़क पर गड्ढा खोदने पर मामूली विवाद में एक बैनामा लेखक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज किए जाने के विरोध में तहसील सदर के अधिवक्ताओं, रेवेन्यू बार एवं बैनामा लेखक संघ ने बृहस्पतिवार को कामबंद हड़ताल कर दी। हालांकि बाद में तहसील सदर के जिम्मेदार अधिवक्ताओं और अन्य ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत करा हड़ताल समाप्त कराई।
नगर निगम के उपसभापति योगेश शंखवार का बुधवार को सदर तहसील के बैनामा लेखक सौरभ यादव से नल कनेक्शन के लिए गड्ढा खोदने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद उपसभापति योगेश शंखवार ने थाना दक्षिण में बैनामा लेखक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
मामले की जानकारी पर बृहस्पतिवार को तहसील सदर के बैनामा लेखक संघ, रेवेन्यू बार और अधिवक्ता संघ ने कामबंद हड़ताल कर दी। हड़ताल के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों से वार्ताकर मामले को आपसी सुलह समझौता करा हड़ताल को समाप्त कराया। तहसील सदर के बार हॉल में हुई बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता चरन सिंह, इमलेश कुमार, मुनेश पाल सिंह आदि मौजूद रहे।