फिरोजाबाद। थाना उत्तर के सिक्सलेन बाईपास के किनारे एक महिला का शव भूसे की पोटली में बंद मिला। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।
बाईपास पर नबाब कॉलेज के पास भूसे की पोटली काफी देर से पड़ी थी। एक राहगीर ने जब पोटली को उठाकर देखा तो काफी वजनदार थी। भूसा हटाया तो उसमें महिला का शव दिखा। शव देख उसने पुलिस को सूचना दी। एसएपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, एसएचओ थाना उत्तर केशवदत्त शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौके पर जांच पड़ताल के साथ महिला के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया पर कोई सफलता नहीं मिल सकी।
एसएचओ थाना उत्तर केशव दत्त शर्मा ने बताया कि महिला मजदूर प्रतीत हो रही है। उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। गले में दबाने का निशान दिखाई दे रहा है। साढ़े चार फीट लंबी यह महिला सांवले रंग की है। महिला के शरीर पर पीले रंग की धोती, पैर में बिछुआ मिला है। आशंका जताई जा रही कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद उसके शव को यहां पर भूसे की पोटली में भरकर कर फेंका गया है।