टूंडला। महिला रेलयात्री का चलती ट्रेन में नोटों से भरा पर्स चोरी हो गया। मामले में रेलयात्री की तहरीर पर 13 दिन बाद राजकीय रेलवे पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पर्स में नकदी के अलावा मोबाइल, डेबिट कार्ड आदि रखे हुए थे। बिहार के पटना अंतर्गत आलमगंज निवासी नुजहत परवीन 27 फरवरी को राजेंद्र नगर बिहार से नई दिल्ली जाने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के रिजर्व कोच में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन सुबह 5:15 बजे के करीब टूंडला स्टेशन पर धीमी हुई तभी बाहर से एक व्यक्ति ने उनकी सीट पर रखे पर्स को खिड़की से चोरी कर लिया तथा भाग गया। पर्स में उनके दो मोबाइल, चार डेबिट कार्ड, 50 हजार की नकदी व अन्य कागजात रखे हुए थे। थानाध्यक्ष अरविंद भारद्वाज ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज पर चोर की तस्दीक कर उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।