जसराना। थाना क्षेत्र के एक गांव में बरात चढ़ने के दौरान बैंड पर गाना बजाने को लेकर घरातियों एवं बरातियों में झगड़ा हो गया। इस दौरान पथराव करने का भी आरोप है। इस दौरान चार लोग घायल हो गए। सूचना मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देख हंगामा करने वाले भाग गए। बुधवार की शाम थाना जसराना के गांव नगला राजे में फरीदा थाना एका से बरात आई थी। देर रात बरात चढ़ रही थी। बैंड पर बज रहे गानों पर घराती एवं बराती जमकर नाच रहे थे। इसी दौरान बैंड पर गाना बजाने को लेकर घराती और बराती आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चलने लगे। इस दौरान अचानक पथराव शुरू हो गया। पथराव होते ही वहां भगदड़ मच गई। पथराव के दौरान अर्जुन सिंह, शिवनेश कुमार, विजय कुमार, गुड्डी देवी को चोट लग गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख हमलावर मौके से भाग गए। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने कहा शादी समारोह में विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।