स्टेट बैंक से चार लाख रुपये निकालने के बाद फौजी अपनी पत्नी को पास की कपड़े की दुकान पर बैठाकर दामाद के साथ बाजार चला गया। तभी बाइक सवार तीन बदमाश महिला से रुपयों से भरा बैग तमंचे के बल पर लूट ले गए। बैग में फौजी के दामाद की लाइसेंसी रिवाल्वर भी थी। महिला शोर मचाते हुए लुटेरों के पीछे भागी लेकिन इससे पहले ही बदमाश आसानी से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
ग्राम धनपुरा निवासी फौजी ओमकार सिंह अपनी पत्नी रेखा देवी और दामाद सौरभ कुमार निवासी नगला छौंकर थाना जलेसर, एटा, जो रेलवे पुलिस दिल्ली में सिपाही है, के साथ सोमवार दोपहर दो बजे स्टेट बैंक की मुख्य शाखा आए थे। ओमकार सिंह ने अपने खाते से चार लाख रुपये निकाले और इन रुपयों को बैग में रखकर बाइक से बैंक के सामने स्थित मार्केट में परिचित रक्षपाल सिंह के साड़ी सेंटर पर पहुंच गए। ओमकार सिंह अपनी पत्नी रेखा देवी को रक्षपाल सिंह की दुकान में रुपयों के बैग को देकर दामाद के साथ केबिल खरीदने बाजार चले गये। तभी लाल रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाश दुकान पर पहुंचे और महिला से बैग तमंचे के बल पर छीन लिया। लूट के बाद बदमाश बाइक से पक्का तालाब की ओर भाग निकले। महिला रेखा लुटेरों के पीछे शोर मचाती हुई दौड़ी लेकिन बदमाश आसानी से भाग गए। चीखपुकार सुनकर आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पर ओमकार सिंह और दामाद सौरभ भी आ गये। सौरभ ने बताया कि बैग में उसकी रिवाल्वर भी रखी थी। इस संबंध में ओमकार ने तीन अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।