शविनी (फाइल फोटो बैंदीपुर बिदरखा वाली खबर के साथ)
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी के बैंदीपुर बिदरखा निवासी महिला को दहेज में बाइक नहीं मिलने के कारण मारपीटकर घायल कर दिया। मायका पक्ष के लोग पहुंचे तो घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मायका पक्ष ने दहेज की खातिर महिला की हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
थाना नारखी बैंदीपुर बिदरखा निवासी शिवानी (20) पत्नी भोला की संदिग्ध परिस्थिति में मारपीट किए जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घायल शिवानी को मायका पक्ष के लोग बुधवार को देर शाम बुलाकर अपने गांव ले गए थे। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लाए तो उसकी मौत हो गई। शिवानी के चाचा थाना नारखी जाटऊ के निवासी दीपेंद्र पाल सिंह ने थाना नारखी पुलिस को दी तहरीर में कहा कि शिवानी की शादी मई 2018 में हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज में बाइक की मांग को लेकर उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। आए दिन उसके साथ पति भोला, देवर शिवा, सास बेबी एवं ससुर संजय के द्वारा मारपीट की जा रही थी।
30 अक्तूबर की शाम को शिवानी के साथ मारपीट की गई, जब गांव पहुंचा तो वह घायलावस्था में पड़ी थी। गले में चाकुओं से बार किया गया था। घायल शिवानी को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पति सहित चार के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। एसएचओ ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि शिवानी के मामले में पति सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।