टूंडला। फोन पर पति से विवाद के बाद महिला ने स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के सामने छलांग लगाते हुए आत्महत्या करने का प्रयास किया। ट्रेन के इंजन से टकराकर महिला गंभीर घायल हो गई। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने घायल महिला को अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर आगरा भेज दिया।
कानपुर के घंटाघर मोहल्ला निवासी ज्योति का पति पंजाब में रहकर एक प्राइवेट नौकरी करता है। दो दिन पहले रक्षाबंधन पर ज्योति का पति सुरेश कुमार से फोन पर विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह टूंडला के लाइनपार स्थित धोबीघाट निवासी अपनी बहन की बेटी संध्या के घर आ गई थी। सोमवार को वह संध्या से घूमने की कहकर घर से निकल आई थी।
इसके बाद ज्योति रेलवे पूर्वी फाटक पर पहुंच गई तथा सुबह साढ़े नौ बजे करीब नई दिल्ली से लखनऊ जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के सामने कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि महिला ट्रेन के इंजन से टकराकर विपरित दिशा की ओर गिर गई। इंजन से टकराने से उसके सिर व पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरपीएफ कंपनी कमांडर अवधेश गोस्वामी ने जारी प्रेसनोट के माध्यम से बताया कि सब इंस्पेक्टर अनेक सिंह ने घायल को एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी ले गए। महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।