फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के कश्मीरी गेट निवासी गुलफ्शा ने पति पर दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक देने और अन्य ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
गुलफ्शा ने बताया कि उसका निकाह 20 नवंबर 2025 को हाजीपुरा गली नंबर-13, रसूलपुर निवासी आमिर से हुआ था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति आमिर, ससुर युनुस, जेठ इरशाद, सास नफीसा और ननद अजरा दहेज से असंतुष्ट होकर 5 लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। पीड़िता ने असमर्थता जताई, तो पति और ननद ने उसके नाम पर रजिस्टर्ड प्लॉट को बेचकर नकदी लाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर पति आमिर ने उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज की और लगातार तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। इस पर वह अपनी बड़ी बहन के घर चली गई थी। 31 जुलाई 2026 को पीड़िता का बड़ा भाई चमन अपने घर पर जन्मदिन मनाने के उद्देश्य से उसे लेने उसकी ससुराल गया। वहां न मिलने पर भाई ने इस बारे में ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत की, तो उन्होंने भाई के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मामले में थाना रामगढ़ पुलिस को तहरीर दी है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।