सिरसागंज। सिरसागंज थाना क्षेत्र के उखरेंड मोड पर रविवार की शाम किसी वाहन ने एक वृद्ध महिला को उस समय टक्कर मार दी जब वह सड़क पार कर अपने गांव जा रहीं थीं। वहीं जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मृत्यु हो गयी।
नगला खंगर थाना क्षेत्र के ग्राम भदान निवासी कमला देवी 55 वर्ष पत्नी हुकम सिंह शिकोहाबाद अपनी बेटी द्रोपदी के साथ गमी के माहौल में फेरे के लिये गयी थीं। शिकोहाबाद से सिरसागंज आटो से आयीं कमला देवी ने सिरसागंज से उखरेंड मोड के लिये आटो में बैठ गयीं। लेकिन जब उखरेंड मोड पर आटो से उतरने के बाद वह सडक पार कर रहीं थीं उसी वक्त एक चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में कमला देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गयीं। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कमला देवी को इलाज के लिये जिला अस्पताल भेज दिया। लेकिन इलाज के दौरान कमला देवी की मृत्यु हो गई।