सिरसागंज। थाना क्षेत्र के अरांव रोड निवासी एक किसान एवं ट्रांसपोर्ट कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे (10वीं का छात्र) को बहला-फुसलाकर उसके घर की तिजोरी से 550 ग्राम पुश्तैनी सोना पार कराने के मामले में पुलिस की तफ्तीश तेज हो गई है। पुलिस ने आरोपी दुकान संचालक की मां को हिरासत में लिया है, जिसने पूछताछ में कबूल किया है कि उसने बेटे के तलाक के मुकदमे का बहाना बनाकर नगर के तीन सर्राफों को 50 ग्राम सोना बेचा था, लेकिन शेष 500 ग्राम सोने के बारे में वह लगातार बयान बदल रही है। वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी दुकान संचालक और उसका मददगार दोस्त अपनी कन्फेक्शनरी की दुकान व घर पर ताला डालकर फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इधर, आधा किलो से अधिक सोने के जेवर चले जाने से सदमे में डूबा पीड़ित परिवार शत-प्रतिशत माल की बरामदगी और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, जबकि उनका आरोप है कि पुलिस का रवैया इस मामले में सुस्त है। संवाद