टूंडला (फिरोजाबाद)। पुरुष ही नहीं महिलाएं भी पति को तलाश देने में पीछे नहीं हैं। पति की हरकतों से आजिज एक मुस्लिम महिला ने फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। पीड़ित पति ने पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है।
थाना नगर के कच्चा टूंडला निवासी कामरान की शादी फरवरी 2024 में फिरोजाबाद के सल्लो हाजी की बाउंड्री मस्जिद के पास रामगढ़ रोड निवासी तराना के साथ हुई थी। जो किराए के मकान में परिवार सहित रहती हैं। कामरान का आरोप है कि उसके परिजन ने बिना दान दहेज के शादी की थी। आरोप है कि तराना के परिजन ने उसके अविवाहित होने की झूठी सूचना दी थी, जबकि उसकी उसके साथ तीसरी शादी थी। 2 सितंबर को तराना अपने पति से मायके जाने की जिद्द करने लगी।
तब वह पत्नी को उसके मायके छोड़ आया। बृहस्पतिवार को जब उसने पत्नी के घर वापस आने के लिए फोन किया तो उसने उसे फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। युवक के परिजन जब विवाहिता को लेने गए तो उसके परिजन ने उनके साथ गाली-गलौज की। कामरान का कहना है कि उसकी पत्नी व परिजन उसके ऊपर झूठा मुकद्दमा लगा सकते हैं तथा उसके होने वाले बच्चे का नुकसान पहुंचा सकते हैं। उसने पुलिस से गुहार लगाई है कि वह पत्नी द्वारा दिए तलाक के बावजूद अपनी पत्नी को घर रखने के लिए तैयार है।