लॉकडाउन के दौरान जाटवपुरी चौराहे से रामगढ़ रोड पर चहल-पहल जैसी स्थिति
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। वीकेंड लॉकडाउन के दिन रविवार को शहर की सड़कों पर लोगों का खूब आवागमन होता रहा। सुबह बीएड की परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थी सेंटरों पर पहुंचे। जरूरी कार्य से भी लोग घरों से बाहर निकले। हालांकि सदर बाजार सहित शहर के अन्य प्रमुख बाजार पूरी तरह से बंद रहे। सब्जी मंडी और फलों की दुकानें खुली रहीं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज बसों के साथ निजी वाहन भी दौड़ते रहे। बैरियर पर पुलिस नहीं थी। इमामबाड़ा से लेकर नालबंद तक, नालबंद से रसूलपुर थाने तक, जाटवपुरी, नगला मिर्जा, विजय नगर के साथ कोटला रोड, जलेसर रोड और अन्य मोहल्लों में भीड़-भाड़ रही। निजी वाहनों के संचालन पर किसी तरह की रोक न होने के कारण यात्रियों को आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई।
औद्योगिक क्षेत्र के कारखानों में काम बंद रहा। सुभाष तिराह, आसफाबाद चौराहा, जाटवपुरी चौराहा, सुहागनगर के साथ हाईवे के अन्य चौराहों पर यात्री वाहनों का इंतजार करते रहे। नालबंद पर पुलिस तैैनात रही। सुभाष तिराहा और आसफाबाद और जाटवपुरी चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभाले रहे।