फिरोजाबाद। विभिन्न मामलों में लाइसेंसी शस्त्रों का दुरुपयोग करने के कारण जिलाधिकारी ने 88 शस्त्र धारकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। वहीं परीक्षण के उपरांत नौ लाइसेंसों को डीएम ने निरस्त किए जाने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई एक जनवरी से लेकर अक्तूबर माह के बीच की गई।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई आपराधिक घटनाओं में से 88 मामलों में लाइसेंसी शस्त्र का प्रयोग किए जाने की बात प्रकाश में आई। इन सभी के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से शस्त्र धारकों के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति जिलाधिकारी से की गई थी। एसएसपी की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने गत एक जनवरी से दस अक्तूबर 2020 तक सभी 88 शस्त्र धारकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। वहीं परीक्षण के दौरान नौ शस्त्र लाइसेंस धारकों का आचरण शस्त्र लाइसेंस नियमावली के विपरीत मिला। डीएम ने उपरोक्त नौ लोगों के लाइसेंस निरस्त किए जाने का आदेश गत शुक्रवार को जारी किए।