गांधी पार्क मैदान में बंद पड़ा नगर निगम द्वारा लगाया गया वाटर एटीएम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। अप्रैल माह की दस्तक के साथ ही गर्मी भी अपने तेवर दिखाने लगी है। तेज धूप के बीच मुसाफिर और राहगीरों के कंठ भी सूखने लगे हैं। कंठ तर करने के लिए लोग शीतल जल के लिए भटक रहे हैं। जबकि लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए जलकल विभाग ने लाखों खर्च करने के बाद शहर के सार्वजनिक स्थानों पर शीतल जल की मशीनें लगवाई थीं। जो वर्तमान में शोपीस बन गई हैं।
यात्रियों के साथ राहगीरों के कंठ तर करने के लिए जलकल विभाग ने बस स्टैंड परिसर में वाटर एटीएम लगवाया गया था। वहीं सुभाष तिराहा स्थित आश्रय स्थल के समीप शीतल जल की मशीन लगवाने के साथ ही गांधी पार्क में भी शीतल जल की मशीन लगवाई गई थी। इन मशीनों को लगवाने के लिए जलकल विभाग ने लाखों रुपये खर्च किए थे। जिससे लोगों को तपती गर्मी में शीतल जल मिल सके। लेकिन विभाग की अनदेखी के कारण बस स्टैंड पर लगा वाटर एटीएम पिछले दो साल से बंद पड़ा है। वहीं आश्रय स्थल के समीप लगी मशीन भी एक वर्ष से खराब पड़ी है। गांधी पार्क में लगाई गई शीतल जल की मशीन को अभी तक शुरु नहीं कराया जा सका है। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के कारण लाखों रुपये बर्बाद हो रहा है।
ट्रॉमा सेंटर में पानी के लिए भटकते हैं मरीज
सरकारी ट्रॉमा सेंटर में मरीज और तीमारदारों को शीतल जल उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मशीन लगवाई गई थी। वर्तमान में यह मशीन जहां बंद पड़ी है। वहीं सामाजिक संस्था द्वारा बनवाई गई प्याऊ भी शुरु नहीं हो सकी है। ऐसे में यहां आने वाले मरीज और तीमारदारों के साथ स्टाफ भी पानी को तरसता नजर आता है। जबकि ट्रॉमा सेंटर के समीप ही आयुष अस्पताल के साथ जिला क्षय रोग अस्पताल भी है। रोजाना यहां पर हजारों की संख्या में मरीजों और तीमारदारों का यहां आना रहता है।