फिरोजाबाद। ग्रामीण अंचल में पीने के पानी के संकट से निपटने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। एक अप्रैल से विकास भवन के साथ सभी ब्लाकों में स्थापना होगी। कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए जाएंगे। पीने के पानी की कहीं समस्या हो तो तत्काल सूचना दे सकें। इमरजेंसी होने पर टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाएगी।गर्मी बढ़ने के साथ ग्रामीण अंचल में पीने के पानी के लिए लगे हैंडपंपों का पानी भी उतरना शुरू हो गया। इसी कारण पंचायतीराज विभाग ने ग्राम पंचायतों के माध्यम से उन हैंडपंपों का सर्वे कराने का निर्णय लिया है जो खराब अथवा पानी कम दे रहे है। ऐसे हैंडपंपों का चिह्नांकन करने के बाद इनको श्रेणीवार भी बांटा जाएगा।
रीबोर होने वाले हैंडपंपों की अलग सूची बनेगी और यदि किसी गांव में ग्राम पंचायत को हस्तांतरित पेयजल टंकी की मोटर आदि खराब है उसे ठीक कराने का काम भी ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाएगा। ताकि पानी की किल्लत नहीं होने पाए।
जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत को ध्यान में रखते हुए एक अप्रैल से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में खराब हैंडपंप,बंद पड़ी टीटीएसपी,पेयजल की टंकी का सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद इनको सुधारने का काम किया जाएगा।
पानी की किल्लत से निपटने के लिए विकास भवन के साथ सभी ब्लाकों में कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। ताकि पीने के पानी की किल्लत नहीं होने पाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका व नगर पंचायतों से संपर्क करने के साथ जलनिगम से कोआर्डिनेशन किया जा रहा है। ताकि जरूरत पड़ने पर नगर पालिका,पंचायतों से टैंकर से पानी की सप्लाई कराई जा सके।