जल मूल्य की समस्या को लेकर जलकल संस्थान पहुंचे लोग।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। जलमूल्य की वसूली को लेकर जलकल विभाग डोर-टू-डोर अभियान चला रहा है। जिसको लेकर लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। सोमवार को कोटला रोड द्वारिकापुरी की महिलाएं और पुरुष जलकल विभाग पहुंचे। सहायक अभियंता शिवराज से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया।
जलकल विभाग पहुंची महिला और पुरुषों का कहना था कि क्षेत्र में पानी का संकट है। जलकल विभाग की जो आपूर्ति आती है, उससे एक दो ही बाल्टी पानी मिल पाता है। पानी के संकट से निजात पाने के लिए निजी सबमर्सिबल संचालकों से पांच सौ रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कनेक्शन लेकर काम चला रहे हैं।
इसके बाद भी जलकल विभाग द्वारा तीन साल के एक कनेक्शन पर 27 सौ रुपये जहां जलमूल्य का बकाया दर्शाकर वसूली की जा रही है। वहीं आठ सौ रुपये कनेक्शन के वसूले जा रहे हैं, जो पूरी तरह से गलत है। कोरोना संकट से अभी उभर भी नहीं पाए कि जलकल विभाग ने वसूली के लिए अभियान की शुरुआत करते हुए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। ऐसे में कहां से पैसे लाकर विभाग को दिए जाएं।
लोगों की मांग
मजदूरी करके परिवार का न जाने कैसे गुजारा किया जा रहा है। ऐसे में जलमूल्य की वसूली के लिए टीम घर पर दस्तक दे रही है। जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
-रामवीर सिंह
चार माह पूर्व ही कनेक्शन लिया है। सुबह एक या दो बाल्टी ही पानी आता है और शाम को एक बूंद भी नहीं मिलता। विभाग पहले पानी दें फिर जलमूल्य मांगे।
-रंजनी देवी
पाइप लाइन में पानी न आने के कारण पांच सौ रुपये में समर का कनेक्शन लिया है। इसके बाद भी जलकल विभाग द्वारा वसूली की जा रही है जो पूरी तरह गलत है। -आशादेवी
जलमूल्य की समस्या को लेकर कोटला रोड द्वारिकापुरी की महिलाएं मिलने के लिए आईं थी। उनसे प्रार्थना पत्र मांगा गया है। उनकी समस्या जायज होगी तो विचार किया जाएगा। -शिवराज वर्मा, सहायक अभियंता जलकल विभाग