सुहागनगरी को प्रतिदिन 80 से 85 एमएलडी पानी मिल रहा है। जबकि जरूरत 95 एमएलडी पानी की है। शहर के कई मोहल्लों में पानी का संकट बना हुआ है। न तो नलकूप ठीक हो पा रहे हैं और न ही सबमर्सिबल पंप। टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है। जगह-जगह पाइप लाइन लीकेज हैं, आठ नलकूप और सबमर्सिबल पंप खराब पड़े हैं।
गेल इंडिया द्वारा अंडर ग्राउंड गैस की पाइप लाइन डालते समय दस दिन पहले टापापैठ के पास पानी की पाइप लाइन फट गई थी। एक जगह लाइन ठीक कर दी, लेकिन जैसे ही पाइप में लाइन में पानी छोड़ा तो कुछ आगे लाइन लीकेज होने लगी। इससे मोहल्ला शांतिनगर और मायापुरी टापाकलां की सप्लाई बाधित हो गई है। अभी तक लाइन ठीक नहीं हो सकी। पांच हजार की आबादी पानी के संकट से जूझ रही है। क्षेत्र में टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है।
नगला विश्नू स्थित संजय मैरिज होम के पास दस दिन से सबमर्सिबल पंप खराब पड़ा है। इससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। राकेश कुमार यादव का कहना है कि 60 फुटा रोड स्थित काली मंदिर के पास नलकूप से पानी की सप्लाई न पहुंचने के कारण टैंकरों से पानी भर रहे हैं। साथ ही कश्मीरी गेट क्षेत्र में पाइप लाइन न होने से संकट बना हुआ है।
पिछले दो सप्ताह से पानी नहीं मिला है। टैंकर आते ही इतनी भीड़ लग जाती है कि एक बाल्टी पानी मिलना मुश्किल हो जाता है। कभी-कभी तो बिना स्नान किए हुए ही रहना पड़ता है। खाना बनाने और पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है।
विमला शर्मा, टापापैठ
दस से 12 दिन हो गए। अभी तक पाइप लाइन ठीक नहीं हो पाई। क्षेत्र में पानी का भीषण संकट बना हुआ है। अधिकारी समस्या गंभीरता से नहीं ले रहे। गर्मी में बिना नहाए रहने को विवश हैं। अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
राम सिंह, टापापैठ
दस दिन से सबमर्सिबल खराब है। इसे ठीक कराने के लिए नगर निगम के कर्मचारी ले गए। अभी तक समर नहीं लग सकी। क्षेत्र में पाइप लाइन तक नहीं डली। कई बारअधिकारियों व पार्षद को अवगत करा चुके हैं। सुनवाई नहीं हुई।
राज बहादुर सिंह, निवासी नगला विश्नू
सबमर्सिबल पंप खराब होने से करीब 50 परिवार प्रभावित हैं। सुबह टैंकर मंगाने के लिए फोन करते हैं तो शाम तक आता है। दिन भर बिना पानी के रहना पड़ता है। आसपास कोई नलकूप और समर नहीं है। जहां से पानी भर सकें।
सरिता देवी, निवासी नगला विश्नू