फिरोजाबाद। डीएम रमेश रंजन ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा के दौरान बीडीओ नारखी, एका, शिकोहाबाद तथा मदनपुर ब्लाॅक के द्वारा नए वित्तीय वर्ष के लिए कार्ययोजना का प्रस्ताव नहीं देने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके साथ 271 आरसीसी सेंटर बनने के बाद 192 के ही क्रियाशील होने पर भी नाराजगी जताई। एक सप्ताह में क्रियाशील नहीं होने पर बीडीओ एवं एडीओ पंचायत के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम कलेक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद बीडीओ से कहा कि जिन ब्लाॅकों के 271 ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर को बनाकर तैयार करा दिया है, लेकिन चालू 192 हो सके हैं यह स्थिति काफी खराब है। वहीं कूड़ा कलेक्शन तो सिर्फ 85 में किया जा रहा है। डीएम ने कहा कि घर-घर कूड़ा कलेक्शन प्रारंभ करा दिया जाए। कूड़़ा कलेक्शन को लगाए गए ई-रिक्शा में माइक व साउंड की व्यवस्था की जाए। आरआरसी सेंटर के अंतर्गत बने सभी गड्ढों में खाद बनाई जाए। इसकी नियमित मॉनीटरिंग की जाए।
डीएम ने कहा कि इस वर्ष की कार्ययोजना ठीक ढंग से नहीं बनाई है। उन्होंने बीडीओ व एडीओ से कहा कि वह अपनी कार्ययोजना बनाकर एक सप्ताह में दें। उन्होंने कहा कि जो कार्ययोजना नहीं बनाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे। बैठक में डीपीआरओ जगदीशराम गौतम, बीडीओ गिरजेश द्विवेदी, प्रेमपाल सिंह, डीसी स्वच्छ भारत मिशन दिनेश यादव, दयाशंकर, अतुल त्रिपाठी, लखनऊ से आए यूनीसेफ के प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत मणींद्र कुमार सिंह, सीएमओ डाॅ. रामबदन राम, एक्सईएन जलनिगम आदि शामिल थे।