फिरोजाबाद। वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज में सोमवार को वार्ड ब्वाॅय हड़ताल पर रहे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में धरना दिया। वार्ड ब्वाॅय के हड़ताल पर होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। मरीजों को वार्ड से लाने ले जाने में तीमारदारों को दिक्कत हुई। हालांकि दोपहर एक बजे के बाद हड़ताल को खत्म करा दिया गया।मेडिकल कॉलेज परिसर में आउटसोर्स कंपनी से तैनात वार्ड ब्वाॅय ने धरना प्रदर्शन किया। वार्ड ब्वाॅय ने कहा कि सैलरी यहां 7525 के करीब दी जा रही है। जबकि अन्य जनपद के मेडिकल कॉलेज में सैलरी ज्यादा दी जा रही है। सैलरी के नाम पर घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने मांग रखी कि प्रतिमाह सैलरी 15 हजार रुपये होनी चाहिए। दिन की ड्यूटी में अवकाश और सीएल प्रदान किए जाएं। रात की ड्यूटी में आठ अवकाश दिए जाएं। आने वाली कंपनी में नौकरी का सुरक्षित रखी जाए। मानव संविदा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। कर्मचारियों ने कहा कि बढ़ती हुई महंगाई में हम लोगों का वेतन वृद्धि न होने से परिवार का भरण पोषण सही तरीके से नहीं हो पा रहा है।
वार्ड ब्वाॅय के धरने की खबर से एडीएम न्याय संगीता, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद पहुंच गए। सपा पूर्व एमएलसी डाॅ. दिलीप यादव ने भी प्राचार्य से बात की। प्राचार्य बलवीर सिंह और सीएमएस डाॅ. नवीन जैन ने वार्ड ब्वाॅय के प्रतिनिधि मंडल से वार्ता की। उन्होंने वार्ड ब्वाॅय की समस्याओं को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। दो महीन में मांगें पूरी कराए जाने की बात पर वार्ड ब्वाॅय मान गए। इसके बाद वार्ड ब्वाॅय ने धरना खत्म कर दिया। प्राचार्य डाॅ. वलवीर सिंह ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को शासन तक पहुंचाया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं पर असर नहीं पड़ा। क्यों कि कुछ देर बाद वार्ड ब्वाॅय अपने कामकाज पर लौट गए।