वीवीआईपी की सुरक्षा में एंबुलेंस तक को नहीं निकलने दिया
- फोटो : अमर उजाला
वीवीआईपी की सुरक्षा के लिए हाइवे पर रोका गया ट्रैफिक मरीजों और राहगीरों के मुसीबत बन गया। ट्रैफिक में एंबुलेंस के फंसने से मरीजों की हालात बिगड़ गए, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने कोई सुध नहीं ली। वीआईपी गुजरने के बाद ही एंबुलेंस को निकाला गया।
गौरतलब है कि बुधवार को सैफई में शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य का विवाह समारोह का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने कई वीआईपी फीरोजाबाद से गुजरे। इस दौरान कई बार ट्रैफिक रोका गया। दोपहर करीब ढाई बजे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का काफिला गुजरा तो सुभाष तिराहे पर जाम के हालात हो गए। काफिला राजा का ताल के समीप आते ही पुलिस सुभाष तिराहा पर खड़े वाहनों को हटवा दिया। वहीं शिकोहाबाद और टूंडला की ओर से आने वाले ट्रैफिक को रोक दिया गया। इस दौरान उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला कौशल्यानगर निवासी मुन्नीदेवी पत्नी गणेश कुमार की उपचार के लिए जा रही एंबूलेंस जाम में फंस गई। जाम में उसकी हालत बिगड़ गई। साथ में आए परिवारीजनों ने सुभाष तिराहा पर खड़े पुलिस अधिकारियों व ट्रैफिक पुलिस के जवानों से एंबुलेंस को निकलवाले की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। जबकि महिला करीब 30 मिनट बाद जब लाल प्रसाद का काफिला सुभाष तिराहा से पास हो गया तब कहीं जाकर शिकोहाबाद से आने वाले वाहनों को पास कराया गया।