फिरोजाबाद। नारखी के गांव गोंदई स्थित मतदान केंद्र के बाहर लगी महिला मतदाताओं की लाइन।
- फोटो : FIROZABAD
नारखी (फिरोजाबाद)। थाना नारखी की ग्राम पंचायत गोंदई में सोमवार को पुलिस-प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो बूथों पर मतदान किया गया। बूथों पर साठ प्रतिशत के करीब मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सीओ सदर एवं एसडीएम सदर पुलिस फोर्स के साथ गांव में डेरा डाले रहे। मतदान समाप्त होने के साथ मतपेटिकाओं को सीलकर ब्लाक नारखी में जमा कराया है।
नारखी की ग्राम पंचायत गोंदई के प्रधान जय सिंह पाल की मृत्यु के बाद खाली हुए प्रधान पद उपचुनाव के लिए दो प्रत्याशी मैदान में हैं। निवर्तमान प्रधान के परिवार से भारती तथा विपक्षी गजेंद्रपाल सिंह अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 1065 मतदाताओं वाली ग्राम पंचायत में दो बूथों पर सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में सीओ सदर बल्देव सिंह खनेड़ा, तहसीलदार सदर विवेक कुमार भदौरिया पुलिस फोर्स के साथ डेरा डाले रहे। वहीं बूथ पर एसएचओ नगला सिंघी दिनेश कुमार सिंह, एसओ पचोखरा संजय सिंह को तैनात रहे। सुबह मतदान की गति काफी तेज रहीं। लेकिन सूरज चढने के साथ मतदान की गति धीमी होती गई। निर्वाचन सूत्रों की मानें तो प्राथमिक स्कूल गोंदई में 579 मतदाताओं में से 326 एवं जूनियर हाईस्कूल गोंदई में कुल 486 मतदाताओं में 314 ने मतदान किया। मतदान समाप्त होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच मतपेटिकाओं को नारखी ब्लाक प्रांगण में बनाए गए डबल लॉक (स्ट्रांग रूम) में रखा गया है। मतगणना पांच फरवरी सुबह आठ बजे से ब्लाक प्रांगण में होगी। नारखी ब्लाक के आरओ जितेंद्र सिंह ने बताया 1065 में 640 ने वोट डाले हैं।
घूंघट की ओट में मतदान करने पहुंची महिलाएं
नारखी। गोंदई गांव की महिलाएं घूंघट की ओर में वोट डालने के लिए बूथों पर पहुंचीं। महिलाएं वोट डालने के लिए कोई परिवार के साथ तो कोई अकेला ही वोट डालने के लिए ही पहुंच रहा था। दोनों प्रत्याशी एवं उनके समर्थक तो एक-एक वोट को सहेजने में लगे थे।