टूंडला। हाईवे पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे ब्लैक स्पॉट को एनएचएआई और यातायात पुलिस द्वारा चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्हें बंद कराया जा रहा है। शनिवार को मोहम्मदाबाद स्थित कट को बंद करने पहुंची टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया। टीम ने सुरक्षा का हवाला देते हुए कट को बंद कर दिया।
एनएचएआई और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम शनिवार दोपहर 12.30 बजे यातायात प्रभारी गगन गौड़ के नेतृत्व में मोहम्मदाबाद पहुंची। जहां ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किए गए कट को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। कट बंद होता देख मोहम्मदाबाद के ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर आ गए। उन्होंने कट बंद कराए जाने का विरोध शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के उस पार उनके खेत हैं। जहां अनाज, चारा लाने के लिए उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली से जाना पड़ता है। कट बंद हो जाने के बाद उनका आना-जाना बंद हो जाएगा, लेकिन पुलिस ने उसे ब्लैक स्पाट बताते हुए बंद करा दिया। यातायात प्रभारी ने बताया कि कट को बंद करा दिया गया है। विरोध करने आए ग्रामीणों को भी समझाया गया है। इस मौके पर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार समेत एफएच चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार, कस्बा इंचार्ज योगेश नागर, भैयालाल उपस्थित रहे।