तहसील में प्रदर्शन करते ग्रामीण एवं मौजूद सपा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : तहसील में प्रदर्शन करते ग्रामीण एवं मौजूद सपा कार्यकर्ता। संवाद
जसराना। थाना फरिहा क्षेत्र के गांव नगला नौजर में बीते 23 जून को हैंडपंप ठीक करते समय लोहे का पाइप हाईटेंशन लाइन से छू जाने के कारण सगे भाइयों अंकित (17) और अंशुल (15) की मौत हो गई थी, जबकि उनकी मां पिंकी गंभीर रूप से झुलस गईं थीं। हादसे के 17 दिन बाद भी प्रशासन द्वारा वादा किया गया पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा और पांच-पांच बीघा जमीन न मिलने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कुमार के नेतृत्व में जसराना तहसील मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने तहसील व विद्युत विभाग पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आक्रोश इस बात पर भी था कि हादसे के जिम्मेदार भदाना के जेई को अब तक हटाया नहीं गया है और न ही घर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को शिफ्ट किया गया है। ग्रामीणों ने मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार चल रही है। जसराना के एक्सईएन राहुल सिंह ने बताया कि जांच टीम के मौका-मुआयना में तार काफी दूर पाए गए हैं, हालांकि अभी अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है और रिपोर्ट के आधार पर ही मुआवजा तय होगा। वहीं, एसडीएम राजेश शुक्ला ने बताया कि विद्युत विभाग को उचित कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं, और जहां तक जमीन आवंटन का सवाल है, ग्राम पंचायत स्तर से प्रस्ताव प्राप्त होते ही जांच कराकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सपा नेता भी मौजूद रहे
प्रदर्शन के दौरान सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवार में दो बच्चों की मौत के बाद भी मुआवजे के लिए तरस रहा है। इस दौरान केपी सिंह यादव एवं अन्य सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।