फिरोजाबाद। ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद भी शिकायतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। ग्राम पंचायतों से एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए शिकायतें दर्ज कराने को लोग पहुंच रहे हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित एसडीएम को भेजा जा रहा है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी को कर दिया गया था। जिले में 13 लाख से अधिक मतदाता जिले की 564 ग्राम पंचायतों के प्रधान, जिला पंचायत सदस्य एवं बीडीसी सदस्यों का चुनाव करेंगे। मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही गांव में प्रधानी पद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी सक्रिय हो गए हैं। फिरोजाबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत नागऊ के साथ-साथ, बैंदीपुर बिदरखा सहित कई ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची में नाम गलत ढंग से बढ़ाए जाने की शिकायत की है। इस तरह की शिकायतें जिले के सभी नौ ब्लॉक, पांच तहसीलों के साथ-साथ जिला मुख्यालय पर डीएम के समक्ष आ रही हैं। डीएम ने इन शिकायतों को जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से संबंधित तहसील को जांच के लिए भेजा है।
ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हो चुका है। जिले की कई ग्राम पंचायतों से इस मतदाता सूची को लेकर शिकायतें आ रहीं हैं, इन्हें संबंधित तहसीलों पर जांच के लिए भेजा जा रहा है। शिकायत कर्ता से शपथपत्र लेने और मामलों की गहनता से जांच करने के बाद ही कोई कार्रवाई की जा सकेगी। अनिल कुमार मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी।